NEET 2024 : बिहार पुलिस को मिले आरोपियों के नाम पर जारी 6 चेक, 30 लाख में हुई थी पेपर बेचने की डील
NEET UG भर्ती में गड़बड़ियों को लेकर बिहार पुलिस ने एक नया खुलासा किया है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आरोपियों के नाम पर जारी 6 पोस्ट-डेटेड चेक बरामद किए हैं। ये जानकारी डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (EOU) मानवजीत सिंह ढिल्लों ने दी है। ढिल्लों ने कहा, "जांच के दौरान EOU के अधिकारियों ने 6 पोस्ट-डेटेड चेक बरामद किए, जो आरोपियों के नाम पर जारी किए गए थे। इन्हीं लोगों पर NEET परीक्षा का पेपर लीक कर स्टूडेंट्स को 30-30 लाख रुपए में देने का आरोप है।" उन्होंने बताया कि टीम संबंधित बैंकों से खाताधारकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पेपर लीक मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी
NEET UG पेपर लीक मामले में EOU ने अब तक चार कैंडिडेट्स और उनके परिवार के सदस्यों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी 13 आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस ने 9 कैंडिडेट्स को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। इनमें से 7 बिहार से और एक उत्तर प्रदेश और एक महाराष्ट्र से हैं।