दिल्ली सरकार ने हरियाणा सरकार पर लगाए आरोप , दिल्ली सरकार पहुंची कोर्ट
दिल्ली और हरियाणा सरकार के बीच पानी को लेकर खींचतान जारी है। इसी मामले में दिल्ली सरकार अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। दिल्ली सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। उन्होंने हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से पानी की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक महीने अतिरिक्त पानी दिया जाए। इससे पहले, दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि रिकॉर्ड तापमान के बीच हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से के पानी की कटौती कर रही है।
आतिशी ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार यमुना में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं छोड़ रही है। इससे दिल्ली में जल संकट गहराता जा रहा है। हालांकि, इससे निपटने के लिए सरकार ने तैयारिया भी की है। सरकार ने वाटर टैंकर वार रूम बनाया है, जहां से दिल्लीवासी 1916 पर कॉल कर पानी का टैंकर मंगवा सकते हैं। पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल बोर्ड की 200 टीमें बनाई गईं हैं।
निर्माण साइटों, कार वाशिंग और कार रिपेयर सेंटर पर जल बोर्ड के पोर्टेबल पानी के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। आदेश का पालन न करने पर साइट सील की जाएगी। आतिशी ने वजीराबाद तालाब का निरीक्षण कर बताया कि यमुना का सामान्य जलस्तर 674 फीट से घटकर 670.3 फीट पर आ गया है। इससे कई इलाकों में पानी की कमी हो गई है। हरियाणा से यमुना में छोड़े जाने वाला पानी वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को मिलता है।
अधिकारी बिना सुचना दिए छुट्टी पर
स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में लू चल रही है। इस समय जल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की बहुत अहम भूमिका है। बिना अपने मंत्रियों को बताए और अनुमति लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव एसबी दीपक कुमार व जल विभाग के सीईओ अंबरासू छुट्टी पर चले गए हैं।
प्रदेश भाजपा ने दिल्ली सरकार को पानी की किल्लत पर कठघरे में खड़ा किया है।
मटका फोड़ प्रदर्शन
बृहस्पतिवार को गहराते जल संकट को लेकर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने जलमंत्री आतिशी के निवास के समीप मटका फोड़ प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली सचिवालय के सामने विरोध-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। भाजपा का कहना है कि दिल्ली सरकार ने कृत्रिम जलसंकट उत्पन्न किया है। जलबोर्ड के पूर्व सदस्य जयप्रकाश जेपी ने भी पानी की समस्या पर जल बोर्ड को पत्र लिखकर विरोध दर्ज किया है। महिलाओं का कहना था कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के कारण उत्पन्न हुए जल संकट से पूरी दिल्ली परेशान है। मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडेय मिश्रा ने कहा कि महिलाएं 52 डिग्री तापमान में भी घर से बाहर सिर्फ पानी संकट को लेकर निकलने को मजबूर हुई हैं।