मुंबई : BMW से टक्कर मारने वाला निकला शिवसेना नेता का बेटा , 100 मीटर तक महिला को घसीटा था

  1. Home
  2. Breaking news

मुंबई : BMW से टक्कर मारने वाला निकला शिवसेना नेता का बेटा , 100 मीटर तक महिला को घसीटा था

mumbai


मुंबई के वर्ली में रविवार (7 जुलाई) सुबह एक तेज रफ्तार BMW ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। आरोपी ने मौके से भागने के दौरान 45 साल की महिला को कार से 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। पति घायल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता राजेश शाह का 24 साल का बेटा मिहिर शाह चला रहा था। उसके साथ ड्राइवर भी था। घटना के बाद से मिहिर फरार है। पुलिस ने राजेश शाह और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। कार भी जब्त कर ली है।
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए, जिससे पता चला कि गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में सत्ताधारी शिवसेना (शिंदे गुट) के डिप्टी लीडर हैं।
वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त कर ली है। 

सबूत मिटाने की कोशिश 
पुलिस की जांच में सबूत मिटाने की कोशिश की बात भी सामने आई है। कार की विंडशील्ड पर शिवसेना का स्टिकर लगा था।
घटना के बाद स्टिकर को खरोंचकर हटाने की कोशिश की गई, ताकि पार्टी के साथ गाड़ी का कनेक्शन छिपाया जा सके। कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया, जिससे कार मालिक का पता चल गया।

आरोपी घटना के दौरान नशे में 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। उसने शनिवार (6 जुलाई) की रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर जाते समय उसने ड्राइवर से लॉन्ग ड्राइव पर चलने को कहा।
वर्ली में मिहिर ने गाड़ी ड्राइव करने की जिद की और कार चलाने लगा। थोड़ी दूर आगे बढ़ने के बाद उसने दंपती को टक्कर मार दी। घटना के बाद से उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, 'कानून अपना काम करेगा, कानून के सामने हर कोई बराबर है। मैंने पुलिस से बात की है और सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम सभी के साथ समान व्यवहार करते हैं।'

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Around The Web

Uttar Pradesh

National