मध्य प्रदेश : जमीनी विवाद के चलते दो जिन्दा महिलाओ को गाढ़ने की कोशिश
मामला मनगवां थाना इलाके के गंगेव चौकी गांव का है। जहां मध्यप्रदेश के रीवा में जमीन के झगड़े में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की दो महिलाओं पर डम्पर से मुरम डालकर जिंदा गाड़ने की कोशिश की। इससे एक महिला कमर तक और दूसरी गले तक मुरम के ढेर में दब गई। बाद में फावड़े से मुरम हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। एक महिला बेहोश हो गई।
जमीन पर रास्ता बनाने को लेकर था विवाद
दोनों पक्षों के बीच जमीन पर रास्ता बनाने को लेकर विवाद है। दोनों के घर आसपास हैं। गोकर्ण प्रसाद पांडेय और महेंद्र प्रसाद पांडेय रास्ता बनाना चाह रहे थे। जीवेश कुमार पांडेय और शिवेश कुमार पांडेय उन्हें रोक रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ। पहले मारपीट हुई। इसके बाद ममता पांडेय (पत्नी जीवेश) और आशा पांडेय (पत्नी शिवेश) के ऊपर मुरम डाल दी। गोकर्ण और महेंद्र के कहने पर मढ़ी गांव का ट्रक मालिक राजेश सिंह मुरम लेकर आया था।
ममता पांडेय और आशा पांडे को गंगेव प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जयदीप प्रसाद ने बताया कि शनिवार को रीवा जिले के मनगंवा थाने के ग्राम हिनोता कोठार में एक पारिवारिक जमीन विवाद में दो महिलाओं आशा पांडे और ममता पांडे पर बजरी गिरी थी। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर डम्पर जब्त किया गया है। एक आरोपी विपिन पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।