अंबाला में चाकू घोंपकर रेलवे कर्मी की हत्या, नशेड़ी युवक ने छाती में किया वार

(K9 Media) हरियाणा के अंबाला जिले में रेलवे कर्मचारी की छाती में चाकू घोंप हत्या कर दी गई है। घटना साहा थाना के अंतर्गत आने वाले गांव पसियाला-सबगा रोड स्थित शराब के ठेके की है।
मृतक लख्मी चंद (45) गांव पसियाला का रहने वाला था। वह जिला यमुनानगर में फिटर था। आज सोमवार को अंबाला कैंट सिविल अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने तुरंत हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव पसियाला निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह हवन की राख डालने के लिए सबगा से निकल रहे मारकंडा में गया था। वहां से रात करीब 8 बजे वापस लौटते हुए देखा कि गांव पसियाला और सबगा के बीच शराब के ठेके उसके चचेरे भाई लख्मीचंद की गांव सबगा निवासी सतवंत सिंह के साथ कहासुनी हो रही थी।
नशे में धुत था आरोपी, पहले से रखता था रंजिश
आरोपी सतवंत सिंह नशे में धुत था। शराब के लिए रुपए न देने पर सतवंत सिंह उसके भाई के साथ रंजिश रखता था। उसका भाई सतवंत सिंह को समझा रहा था। थोड़ी-सी कहासुनी होने पर सतवंत सिंह ने अपनी जेब से चाकू निकला और सीधे लख्मी चंद की छाती में वार कर दिया। चाकू लगते ही भाई जमीन पर गिर गया और सतवंत सिंह फरार हो गया। वे राहगीरों की मदद से खून से लथपथ हालत में भाई को अंबाला कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।