फतेहाबाद जिले में बाढ़ जैसे हालात, तीन की गई जान
हरियाणा में तीसरे दिन भी शुक्रवार को बारिश का दौर जारी रहा। कुछ जिलों में भारी बारिश होने से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। खेतों से लेकर सड़कों तक जलभराव हो गया है। फतेहाबाद जिले में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। वहां बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मानावाली में मकान की छत गिर गई। इसके अलावा फतेहाबाद में एक दुकान, मकान की दीवार ढह गई। इसके नीचे दबने से एक व्यक्ति घायल हो गया। शहर की सड़कों व गलियों में कमर तक पानी भर गया। दुकानों में पानी भरने से सामान खराब हो गया। जल निकासी के लचर प्रबंधों के चलते लोगों में रोष है।वहीं हिसार, चरखी दादरी में सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। जींद, रेवाड़ी, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और भिवानी जिले में भी जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।