पांच लोगों की हादसों में मौत, एक ने फंदा लगा दी जान

  1. Home
  2. HARYANA
  3. KARNAL

पांच लोगों की हादसों में मौत, एक ने फंदा लगा दी जान

पांच लोगों की हादसों में मौत, एक ने फंदा लगा दी जान


(k9 media)पांच सड़क हादसों में किशोरी सहित पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। सेक्टर छह के समीप वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। इसके अलावा बसताड़ा गांव के व्यक्ति की कार की टक्कर से मौत हुई। एक श्रमिक व एक किशोरी की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई।
वाहन की चपेट में आया बुजुर्ग
करनाल। सेक्टर छह के समीप पैदल जा रहे बुजुर्ग की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना रविवार की है। एक राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। घायल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव शिनाख्त के लिए मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। संवाद

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घरौंडा। बसताड़ा गांव के समीप कार की टक्कर से रविवार रात गांव के ही विनोद की मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बसताड़ा निवासी मुकेश के अनुसार वह कुटेल से अपने गांव लौट रहा था। उसी समय उनके गांव का विनोद भी पैदल गांव की ओर जा रहा था। जब वे फैक्टरी के सामने पहुंचे तो कार चालक ने विनोद को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनोद उछलकर सड़क के साथ खड़े शीशम के पेड़ से जा लगा। कार चालक भाग गया। सूचना मिलते ही विनोद का भाई सतीश मौके पर पहुंचा। वे दोनों घायल विनोद को लेकर सरकारी अस्पताल करनाल पहुंचे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद
ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक और किशोरी
करनाल। बसताड़ा गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर रहने वाले मजदूर शंकर (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही करनाल जीआरपी थाने से कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच की। शव परिजनों को सौंप दिया है। शंकर का परिवार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का है और भट्ठे पर मजदूरी करता है। दो वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी, उसकी पांच माह की बेटी है। मृतक के ससुर उमेश पासवान ने बताया कि वे करनाल की अनाज मंडी में पल्लेदारी करते हैं। उनकी एक ही बेटी है। दामाद की मौत से परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। इसके अलावा शनिवार रात ट्रेन की चपेट में आने से झींवरहेड़ी गांव की 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया था। उसकी पहचान होने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। रेलवे पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों मामलों में इत्तफाकिया कार्यवाही की है। संवाद
कार ने बाइक को मारी टक्कर
असंध। जलमाना-उपलानी रोड पर सोमवार को कार की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पानीपत जिले के समालखा कस्बे के वार्ड 12 आजाद नगर निवासी राममेहर के अनुसार व अपने मूल गांव उपलानी में आया था। वह बाइक पर सवार होकर अपने चचेरे भाई दीपक राज के साथ जलमाना गया था। वापस गांव उपलानी लौटते समय जब वे चोरकारसा गांव के मोड़ पर पहुंचे पीछे से एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सड़क पर गिर गई। राममेहर ने बताया कि वह खुद सड़क किनारे गिर गया जबकि दीपक सड़क पर गिरा। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक को करनाल के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। संवाद

घर में फंदे से लटका मिला युवक
घरौंडा। फुरलक गांव में अशोक (27) संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम ने जांच की। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। बताया जाता है कि वह बीमार होने के कारण परेशान था। शायद इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। जांच अधिकारी सतीश कुमार के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में जांच की जा रही है। संवाद

Around The Web

Uttar Pradesh

National