प्रेमी ने नहीं अपनाया तो नहर में कूदी महिला

(k9 media)पति ने छोड़ा फिर प्रेमी भी शादी करने से पीछे हट गया तो तीन बच्चों की मां ने रविवार को बिंझौल नहर में छलांग लगा दी। महिला को देख एक गोताखोर नहर में कूदा और सुरक्षित बाहर निकाला, उसे इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला चिल्लाती रही कि वह जीना नहीं चाहती है। महिला गोहाना की रहने वाली है। जनसेवा दल ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है।
गोहाना के गांव गढ़ सराय निवासी महिला ने बताया कि वह तीन साल से गोहाना में ही कपड़े के शोरूम में काम करती है। उसका पति करीब दो साल पहले उसे छोड़कर चला गया था। डेढ़ साल पहले उसके ही गांव का एक युवक उसी शोरूम पर नौकरी करने लगा। उनकी दोस्ती हो गई, कुछ वक्त बाद उसने प्रेमी से शादी की बता की तो वह टाल-मटोल करने लगा। महिला की मां ने भी इस रिश्ते का विरोध किया। जिसकी वजह से एक सप्ताह से घर में झगड़ा चल रहा था। रविवार सुबह 10 बजे मां ने उसे घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह पार्क में प्रेमी से मिली, जो उसे अपने घर ले गया। जहां प्रेमी की मां ने महिला की जाति अलग होने पर उसे अपनाने से इंकार कर दिया। मां के मना करने पर प्रेमी ने भी उसे छोड़ दिया। महिला ने बताया कि वह इको में पानीपत पहुंची और बिंझौल नहर के पास उतर गई। नहर की तरफ चली तो उसे डॉयल-112 की पुलिस दिखी, जिस पर उसने पुलिस के जाने का इंतजार किया। जिसके बाद नहर में छलांग लगा दी।
सामान्य अस्पताल में डॉक्टर ने जैसे ही उपचार शुरू किया तो महिला ने चिल्लाने लगी। उसने कहा कि जीना नहीं चाहती, उसे मरना है, डॉक्टर साहब जहर का इंजेक्शन लगा दो। महिला की बड़ी बेटी नौ, मंझली बेटी सात और सबसे छोटा बेटा पांच साल का है। वह अपने बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ घर बसाने को राजी थी।
महिला ने बताया कि प्रेमी ने चार माह में दो बार उसका गर्भपात कराया। उसने एक फोन दिया था, जिसमें कुछ फोटो थे। रविवार को प्रेमी ने फोन छीनकर फोटो और नंबर मिटाकर उसे अपने घर से निकाल दिया।