सुमन सैनी ने मुख्यमंत्री की ओर से लाईब्रेरी कम बहुउद्देशीय हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रूपये देने की की घोषणा

  1. Home
  2. HARYANA

सुमन सैनी ने मुख्यमंत्री की ओर से लाईब्रेरी कम बहुउद्देशीय हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रूपये देने की की घोषणा

sonipat


सावित्रीबाई फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने शनिवार को खरखौदा पहुंचकर सावित्रीबाई फुले महिला एवं बाल पार्क में स्पेशल लाईब्रेरी कम बहुउद्देशीय हॉल की आधारशिला रखी। उन्होंने पार्क में बनी देश की पहली शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर पुष्पार्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी की तरफ से लाईब्रेरी कम बहुउद्देशीय हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रूपये देने की घोषणा भी की।  

sonipat
    इस दौरान सुमन सैनी ने उपस्थित खरखौदावासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज केन्द्र व प्रदेश सरकार ने सावित्रीबाई फुले के संकल्प पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया। वहीं प्रदेश सरकार ने भी महिलाओं को पंचायती राज में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने का कार्य किया, जिसकी बदौलत आज हमारी महिलाएं पार्षद, सरपंच व पंच बनकर अपने क्षेत्र व गांव के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। 

sonipat
    उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले केवल नाम नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा की एक पूरी कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को शिक्षित करने और सशक्त बनाने के लिए कृतसंकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर अथक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्रांति की अग्रदूत और महिला सशक्तिकरण की बुलंद आवाज श्रीमती सावित्री बाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका ही नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र व्यक्तित्व और महिलाओं के अधिकारों की प्रणेता थी।


    श्रीमती सैनी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए अपने जीवन को महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समर्पित किया। उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य ही विधवा विवाह करवाना, छुआछूत मिटाना, महिलाओं की मुक्ति और महिलाओं को शिक्षित करना बना लिया था। महिला उत्थान में सावित्री बाई फुले हमारी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने महिला शिक्षा और उनके उत्थान के लिए अनेक विरोधों के बावजूद डटकर काम किया। उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे में पहला बालिका विद्यालय खोला। उनका अटूट विश्वास था कि जिसके पास ज्ञान और कौशल होता है वहीं समाज में परिवर्तन ला सकते हैं।
    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं आंदोलन की शुरूआत की, जिसके कारण समाज में ऐसा परिवर्तन आया कि आज हरियाणा की गिनती बेटियों को मारने वाले प्रदेशों में नहीं बेटियों को आगे बढ़ाने वाले प्रदेशों में गिनती होती है। आज देश में कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां हरियाणा की बेटी अपना परचम नहीं लहरा रही हों। उन्होंने लोगों का आह्वïन किया कि वे अपनी बेटियों को शिक्षित बनाएं और उन्हें जीवन में आगे बढऩे के लिए उनकी मदद करने के साथ-साथ उनके प्रेरणास्त्रोत बने। 


    इस मौके पर विधायक पवन खरखौदा ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी का खरखौदा हलका में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फुले देश की पहली शिक्षिका होने के साथ-साथ महिला स्वतंत्रता सेनानी भी थी। उन्होंने उस समय शिक्षा प्राप्त करने का संघर्ष किया जब महिलाओं को पढऩे के लिए स्कूल में जाने और घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी, लेकिन उन्होंने इस सभी रूकावटों को अपने शिक्षा के रास्ते में नहीं आने दिया और सघर्ष करते-करते  देश की पहली महिला शिक्षिका बनी। उन्होंने कहा कि सावित्री फुले हमेशा कहती थी कि शिक्षा वो चाबी है, जिसके दम पर आपके भविष्य के उत्थान के तालों को खोल सकते हैं। आज हमें उनके संघर्ष भरे जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढना चाहिए। 


भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा ने कहा कि आज हमारी बेटियां शिक्षित होकर हर क्षेत्र में अपना नाम कमा रही है शायद वो माता सावित्री फूले के संघर्ष और तपस्या के कारण ही है। क्योंकि उन्होंने शिक्षा ग्रहण कर बेटियों के लिए स्कूलों के दरवाजे खोले। आज उसी का परिणाम है कि हमारी बेटियों को हर क्षेत्र में भागीदारी मिली। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी बेटियों को शिक्षित बनाने में आगे कदम बढ़ा रही है आज प्रदेश में हर क्षेत्र में राजकीय महिला कॉलेजों की स्थापना की जा रही है।


इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की धर्मपत्नी गीता कौशिक, भाजपा वरिष्ठ नेता गुलशन ठेकेदार, अनिल झरोठी, आजाद सिंह, पूर्व चेयरमैन राजबीर दहिया, खरखौदा ब्लॉक समिति के चेयरमैन सितेन्द्र दहिया, राजेन्द्र सैनी, विनोद सैनी, मदन सैनी, सुरेन्द्र बानिया, रत्तीराम जी, हजारी सैनी, कृष्ण, रामकंवार सैनी, ओमप्रकाश सैनी, हरीराम, श्यामलाल, बबीता दहिया, जयकुमार, अजय सिंह, मनोज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Around The Web

Uttar Pradesh

National