हरियाणा : संगठनों ने BJP प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली का पुतला जलाकर किया प्रदर्शन; गिरफ्तारी की मांग

हरियाणा के पानीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और पार्टी के एक अन्य प्रमुख व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार के आरोप में तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन बढ़ गया है। अखिल भारतीय किसान सभा, मजदूर संगठन सीटू, जनवादी महिला समिति, महिला खेत मजदूर यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पानीपत के लाल बत्ती चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा अध्यक्ष के पुतले को भी जला दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जनवादी महिला समिति की जिला प्रधान संतरो देवी, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉक्टर सुरेंद्र मलिक और कई अन्य नेताओं ने किया। इन संगठनों ने भाजपा और संघ परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बलात्कार और यौन हिंसा के आरोपियों को बचाने की शरण स्थल बन चुका है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व में पहले हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह और सांसद बृजभूषण शरण जैसे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, और अब मोहनलाल बड़ौली भी इसी तरह के आरोपों से बचने के लिए राजनीतिक षड्यंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र महिला विरोधी है और आरोपियों को महिमा मंडित करना मानवता के खिलाफ है।
हिमाचल प्रदेश में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले को दबाने के लिए राजनीतिक तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। संगठनों ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो, और बड़ौली सहित अन्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही भाजपा से बड़ौली को निष्कासित करने की मांग भी उठाई गई है। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित महिला को सुरक्षा देने और मामले की तत्पर जांच की मांग की है, जिससे आरोपियों को सजा मिल सके।