स्कूली बच्चे करेंगे गीता के श्लोगों का मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झलकेगा गीता का संदेश
उपायुक्त डॉ0 मनोज कुमार ने बताया कि 09 से 11 दिसंबर तक स्थानीय सुभाष स्टेडियम में आयोजित होने वाला जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव जनभागीदारी से भव्य एवं गरिमामयी होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातक संस्कृति में किसी भी शुभ कार्य को करने से पहले उसकी शुरूआत हवन यज्ञ से की जाती है ताकि वातावरण को शुद्घ किया जा सके। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तीनों दिनों गीता जयंती महोत्सव की शुरूआत भी हवन यज्ञ से की जाएगी, जिसमें प्रदेश के सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा बतौर मुख्यातिथि हवन यज्ञ में पूर्ण आहूति डालते हुए गीता जयंती महोत्सव की शुरूआत करेंगी। इस दौरान उनके साथ मुख्यातिथि के रूप में सोनीपत से विधायक निखिल मदान भी उपस्थित रहेंगी। इसके बाद वे प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन 10 दिसंबर को सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला के विभिन्न वक्ता गीता पर लोगों को अपना संदेश देंगे। इस सेमिनार कार्यक्रम में खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा व गन्नौर से विधायक देवेन्द्र कादियान बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसके पश्चात महोत्सव के अंतिम दिन 11 दिसंबर को प्रात: 11:30 बजे नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसको राई से विधायक कृष्णा गहलावत हरी झण्डी दिखाकर सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी हॉल से रवाना करेंगी। यह नगर शोभायात्रा शहर की सेक्टर-14 मार्किट, गांधी चौक, बस स्टैण्ड, भांजा चौक, गीता भवन चौक, गोहाना फ्लाईओवर, ककरोई चौक, तिरंगा चौक से होकर सुभाष स्टेडियम में पहुंची। शहर से गुजरते समय जगह-जगह सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं द्वारा नगर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को गीता जयंती समारोह की संध्या में दीपोत्सव व आरती का आयोजन किया जाएगा और गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली बतौर मुख्यातिथि शहर की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस गीता महोत्सव में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा के मंजे हुए कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। इसके साथ ही विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा गीता के श्लोगों का मंत्रोच्चार किया जाएगा और गीता पर आधारित बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गीता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह के तीनों दिन प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिलावासियों का आह्वान किया कि हरियाणा की धरती पर ही भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया था। ऐसे में गीता जयंती का पर्व हम सभी के लिए गर्व व गौरव की बात है इसलिए इस महान पर्व में शहर का प्रत्येक व्यक्ति शामिल हों। उन्होंने कहा कि सभी अपने बच्चों को भी इस गीता महोत्सव में जरूर लेकर आएं ताकि उन्हें भी यहां गीता का अध्यात्मिक ज्ञान मिल सके जो आज के समय उनके लिए बहुत ही जरूरी है।