आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा सरकार ने किया केस

  1. Home
  2. HARYANA

आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा सरकार ने किया केस

haryana


हरियाणा सरकार ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के यमुना में जहर मिलाने के दिए बयान के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से बुधवार को सोनीपत की सीजेएम की अदालत में केजरीवाल के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2 (डी) और 54 के तहत केस दायर किया है। सोनीपत अदालत ने राज्य सरकार की याचिका स्वीकार कर केजरीवाल को नोटिस भेज दिया है। सीजेएम सोनीपत की अदालत ने यह भी कहा है कि यदि केजरीवाल 17 फरवरी को उपस्थित नहीं होते हैं तो यह माना जाएगा कि उन्हें मामले में कुछ नहीं कहना और आगे की कार्यवाही कानून के अनुसार की जाएगी।


राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से राई जल सेवा प्रभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष कौशिक ने सोनीपत के अदालत में केस दर्ज कराया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 28 जनवरी को यमुना नदी से सटे आसपास के गांवों के लोगों की एक भीड़ सिंचाई विभाग के परिसर में गई और पूछताछ करने लगी कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी में जहर क्यों डाला है। इस जहर से कई लोगों और जानवरों की मौत हो सकती है। जब लोगों से पूछा गया कि उनकी जानकारी का स्रोत क्या है। इस पर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप दिखाई, जिसमें अरविंद केजरीवाल यह बयान देते नजर आ रहे थे कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिला दिया है।


वीडियो में वह कहते हुए दिख रहे हैं कि दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की सतर्कता की वजह से इसकी जानकारी मिल गई और दिल्ली के कई निवासियों की जान बचाई है। शिकायतकर्ता ने भीड़ को शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया कि वायरल वीडियो में जिस तरह का दावा किया जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं हुआ है और यह बिल्कुल गलत बयान है। उसके बाद भीड़ शांत हुई और लोग वहां से चले गए।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप के लोग हार के डर से हताश हो गए हैं और गलत आरोप लगा रहे हैं। दिल्ली के करतार नगर में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा के लोगों पर झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगा रहे हैं। हरियाणा क्या दिल्ली से अलग है? क्या वहां के लोगों के रिश्तेदार और बच्चे दिल्ली में नहीं रहते? क्या वे अपने ही लोगों के लिए पानी में जहर मिलाएंगे? 
 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Around The Web

Uttar Pradesh

National