हरियाणा : 52 साल की महिला ने रचाई 49 साल के आदमी से शादी; फिर हुआ ये

हरियाणा में पानीपत की एक पॉश कॉलोनी निवासी महिला ने 52 साल की उम्र में 49 साल के आदमी के साथ शादी कर ली। दरअसल महिला ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे की शादी का बायोडाटा डाला था। व्यक्ति ने बच्चों की शादी को लेकर उनसे चर्चा शुरू की थी। बाद में उन दोनों में प्यार हो गया और फिर दोनों ने शादी कर ली। महिला के पति की 2020 और आदमी की पत्नी की कोरोना के दौरान मौत हो गई थी। अब दोनों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पति ने उसको अपने दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसका दो बार गर्भपात तक कराया। महिला ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भी मुकदमा दर्ज कराया है। महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता को शिकायत दी है।
शहर की एक पॉश कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी उम्र 52 साल की है। वह दो बच्चों की मां है। उसके पति की बीमारी के चलते 2020 में मौत हो चुकी है। उसने बेटी की शादी कर दी है। अब बेटे की शादी के लिए सोशल मीडिया पर बायोडाटा डाला था। उत्तर प्रदेश के बुलंदरशहर निवासी संतोष ने उससे फोन पर संपर्क किया। उन्होंने अपने नजदीकी रिश्तेदारी में शादी की बात की। संतोष ने उसको बताया कि उसकी पत्नी की कोराेना के दौरान मौत हो चुकी है। उसका गोद लिया चार वर्षीय बेटा है। दोनों में फोन पर बात चलती रही। इस बीच एक-दूसरे में प्यार हो गया।
महिला ने शिकायत में बताया कि उसके दोनों बच्चों ने उनकी शादी पर नाराजगी जताई। उसने इस बारे में संतोष से बात की। दोनों ने बुढ़ापे में एक-दूसरे का सहारा बनने का फैसला लिया। उसे सात अक्तूबर 2022 को दोनों बच्चों के नाम प्रॉपर्टी करा दी। उसने नौ अक्तूबर को संतोष के साथ शादी की।
महिला ने बताया कि वह शादी के बाद संतोष के साथ अपनी दूसरी ससुराल में रहने लग गई। कुछ दिन सब कुछ सामान्य चला। संतोष को उसकी प्रॉपर्टी दोनों बच्चों के नाम कराने के बारे में पता चला तो उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। वह इस दौरान दो बार गर्भवती हुई। उसका दोनों बार गर्भपात करा दिया गया। उसको आत्महत्या तक के लिए उकसाया गया। उसने एक बार गोली खा ली थी। वह यूपी के अस्पताल में कई दिन दाखिल रही। उसने बताया कि संतोष ने उसको अपने दोस्त के साथ संबंध बनाने की बात कही। उसने मना किया तो उसके साथ प्रताड़ना शुरू कर दी। उसने इस मामले में बुलंदशहर थाना में संतोष, अपनी ननद, उसकी लड़की, लड़के, संतोष के दोस्त, उसके दोस्त की पत्नी और उसके लड़के के खिलाफ शिकायत दी थी। उसने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।