सुभाष स्टेडियम रहा गीता के ज्ञान का साक्षी, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मन मोहा
जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव सोनीपत शहर के सुभाष स्टेडियम में अध्यात्म, कला, ज्ञान व संस्कृति के संगम को समर्पित होकर शोभायमान रहा। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक विधा के रूप में जहां गीता ज्ञान की गंगा प्रवाहित हुई वहीं सरकार की जनहितकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी लोगों तक प्रदर्शनी के माध्यम से पहुंचाई गई। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा व जिला प्रशासन की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज विधिवत रूप से रिबन काटकर सोनीपत से विधायक निखिल मदान द्वारा किया गया।
विधायक निखिल मदान ने गीता महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जिलावासियों को अपना शुभ संदेश देते हुए कहा कि गीता के सार के बिना मानव जीवन का उद्घार नहीं हो सकता। आज हमें गीता से प्रेरणा लेकर ही आगे बढऩा चाहिए क्योंकि गीता ही हमें जीवन में विपत्तियों, अंधकार व कठिनाई में आगे बढऩे की राह दिखाती है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में कर्म को प्रधान माना गया है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्धागवत गीता में संपूर्ण मानवता का सार समाहित है, जिसमें यह विदित है कि जो व्यक्ति जैसा कर्म करता है उन्हें उसी प्रकार से फल की प्राप्ति होती है। जो व्यक्ति के कर्मों के आधार पर अपना जीवन व्यतीत करता है उन्हें सभी क्षेत्रों में सफलता प्राप्त होती है और वह कई प्रकार की समस्याओं से दूर रहते हैं। कर्म महान है, कर्म से ही आदमी महान व बड़ा बनता है।
उन्होंने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता हमें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहने की नई प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गीता विपत्तियों में सहारा देती है। व्यक्ति के जीवन में विपत्तियों, अंधकार व कठिनाई होती है तो गीता हमें राह दिखाती है। गीता के छोटे से सार को पढऩे के बाद हमारे जीवन के हर संशय को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने गीता के उपदेश को हर घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। कुरूक्षेत्र की धरती पर आयोजित अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव में देश व विदेशों से लोग आकर गीता के संदेश से परिचित होते हैं। उन्होंने जिलावासियों को आह्वान किया कि वे अपने व्यस्त समय में से थोड़ा समय निकालकर अपने परिवार, रिश्तेदारों व मित्रों संग सुभाष स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे गीता महोत्सव में जरूर आएं। उन्होंने कहा कि बच्चे व युवा देश के कर्णधार व भविष्य हैं उन्हें गीता के ज्ञान को अपने जीवन में अवश्य समाहित करना चाहिए।
गीता में कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग का वर्णन है-उपायुक्त डॉ० मनोज कुमार
गीता जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में उपायुक्त डॉ० मनोज कुमार ने श्रोताओं को अपना शुभ संदेश देते हुए कहा कि भगवद गीता प्रमुख धार्मिक ग्रंथों में से एक है। भगवद गीता के सन्देश मानवता के लिए अत्यंत मूल्यवान हैं। महाभारत युद्ध के समय में अर्जुन को धर्म और कर्म के संदेश को समझाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें गीता का ज्ञान दिया था। इस ग्रंथ में दिए गए तत्वों और मार्गदर्शन से व्यक्ति अपने जीवन में सही नैतिकता, धार्मिकता और उच्चतम मानवीय मूल्यों की ओर अग्रसर हो सकता है। गीता में कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग जैसे विभिन्न योगों का वर्णन है, जो मानव जीवन को एक उच्च स्तर पर लेकर जाने का मार्ग दिखाते हैं। इसमें व्यक्ति के विकास के लिए मार्गदर्शन है, जिससे वह अपनी अंतरात्मा को समझ सकता है और सही निर्णय ले सकता है। गीता का सन्देश समय के साथ भी अपनी महत्ता बनाए रखता है और लोगों को जीवन में मार्गदर्शन प्रदान करता है।
वहीं, आज के समय में जीवन कई तरह के छलावों और प्रतिस्पर्धात्मकता के दबाव में है। मानव समाज में कई परिस्थितियां ऐसी हैं, जो उन्हें पाप का भागीदार बनाती है। जिससे बचाव के लिए भगवान श्री कृष्ण ने गीता में उपाए बताए हैं। इस दौरान मंच का संचालन सुभाष सिसोदिया व हवन यज्ञ आचार्य वेद निष्ठï व उनके शिष्यों द्वारा किया गया।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, नगराधीश रेणुका नांदल, डीआईपीआरओ राकेश गौतम, अधीक्षक नरेन्द्र दहिया, कृषि उपनिदेशक डा. पवन शर्मा, सहायक अभियंता नवीन हुड्डïा, डा. पूर्णमल गौड, मोहन सिंह मनोचा, शशिकरण नासा, नरेन्द्र भुटानी, प्रवीण वर्मा, संजय सिंगला, वाईके त्यागी, रविन्द्र सरोहा, सुरेश कालरा, योगेन्द्र सरोहा, दिनेश तनेजा, ऊषा भंडारी, मदनलाल तनेजा, सुभाष अरोड़ा, पवन तनेजा, हवा सिंह, बीआर आहुजा, रोहित आहुजा, मनोज डिंबला, जयवीर गहलावत, प्रमानंद बत्रा, पवन तनेजा, प्रेम गौतम, आचार्य वेद निष्ठï सहित जिला के सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
70 देशों में घूमकर गीता का संदेश देने वाले फ्रांस के मीशल साइमन भी पहुंचे गीता जयंती समारोह में
जिला स्तरीय गीता महोत्सव में फ्रांस से आए मीशल साइमन ने भी अपने संबोधित में गीता के बारे में बताया कि हम किस प्रकार गीता के उपदेशों को साथ लेकर जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अब तक 70 देशों में भ्रमण कर गीता के उपदेशों में लोगों को प्रेरित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि गीता वो महान ग्रंथ है जिसके बिना मानव ही नहीं सृष्टिï भी नहीं चल सकती।
लोक कलाकारों ने बांधा समां, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से मन मोहा:-
जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के पहले दिन सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के सूचीबद्घ कलाकारों में नटराज ग्रुप व जींद की मशहूर स्पेरा बीन व कच्ची घोड़ी नृत्य पार्टी के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्र मुग्ध किए रखा। इनमें प्रस्तुतियों में लीटल एंजिल स्कूल, कोर्ट रोड़ स्थित हिन्दू स्कूल, हैप्पी चाईल्ड स्कूल, गांव अटेरना स्थित राजकीय सीनियर सैकेण्डरी स्कूल, डीएवी मल्टीपर्पज स्कूल सेक्टर-15, ऋषिकुल सीनियर सैकेण्डरी स्कूल, मालवीय शिक्षा सदन तथा एसएम हिन्दू स्कूल की प्रस्तुतियां शामिल रही।
समारोह स्थल पर लगाई गई स्टालों में उमड़ी भीड़, सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने भी बढ़-चढकर लिया हिस्सा:-
जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के अवसर पर लगाई गई स्टॉलों में लोगों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। सरकारी विभागों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने भी अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा गीता ज्ञान पर प्रदर्शनी लगाई गई। सामजिक-धार्मिक संगठनों में ब्रह्मïकुमारी सोनीपत, जियो गीता, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान, वेद प्रचार मंडल, वर्मा पैथोलॉजी लैब, दृष्टिï सेवा समिति सोनीपत, मां भारती रक्त वाहिनी, उजाला सिग्रस अस्पताल, यशस्वी वेलनेस योग पंचकर्म प्राकृतिक चिक्तिसा, मानवाधिकार संरक्षण संघ सोनीपत, गुरूकुल जुआं, परिवरण मित्र मण्डली, देवा समाज कल्याण समिति, श्री वैदिक मसाले सोनीपत ने अपनी स्टॉल लगाई। जिला सूचना एंव जनसंपर्क अधिकारी, शिक्षा विभाग, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, पुलिस आयुक्त कार्यालय, एसडीएम कार्यालय सोनीपत, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक सोनीपत, अनुसूचित जाति एवं पिछडा वर्ग कल्याण विभाग, जिला रोजगार अधिकारी, जन स्वास्थ्य विभाग, सिविज सर्जन सोनीपत, जिला बागवानी विभाग, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जिला आयुर्वेदिक विभाग, एमएसएमई सेंटर सोनीपत, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रैडक्रॉस सोसायटी, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, मत्स्य पालन विभाग तथा बिजली विभाग ने अपनी स्टॉल के माध्यम से लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
पिजा शॉपी के फास्ट फूड आईटम्स तथा गोहाना की जलेबियों की रही धूम:-
जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव में इस बार फूड कार्नर में लोगों ने जमकर लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। गोहाना की जलेबियों ने सभी को अपनी तरफ आकर्षित कर लिया। शहर के मशहूर पिजा शॉपी के फास्ट फूड आईटम जैसे पिजा, बर्गर, पेटीज आदि आज गीता जयंती महोत्सव के प्रांगण में मिल रहे थे। इसके अलावा लोगों ने नव ग्रामीण ढाबा व प्यारे लाल कैंडी के खाद्य सामग्री का भी लुप्त उठाया।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र:-
महोत्सव में प्रवेश करते ही बनाया गया कलात्मक भगवान श्रीकृष्ण के चित्र वाला सेल्फी प्वाइंट सभी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। शंख की कलात्मक आकृति से तैयार किया गए इस सेल्फी प्वाइंट पर मुख्य अतिथि सहित दिन भर स्कूली बच्चों सहित अधिकारी, कर्मचारी तथा शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिक सेल्फी लेते देखे गए और उन्होंने अपने परिचितों के साथ जमकर खूब सेल्फी ली।
पर्यावरण मित्र मंडली ने बांटे पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गीता जयंती समारोह के दौरान पर्यावरण मित्र मंडली द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती स्टाल लोगों द्वारा खूब सराही गई। पर्यावरण मित्र देवेंद्र सूरा की टीम ने लोगों को पेड़ों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि गीता में पीपल के पेड को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है और यह पेड हमें 24 घंटे आक्सीजन देता है।
लोगों ने उठाया नि:शुल्क बीपी एवं शुगर जांच का लाभ:-
गीता जयंती समारोह में स्वास्थ्य विभाग और वर्मा पैथ लैब ने स्टॉल लगाकर लोगों को नि:शुल्क रूप से बीपी तथा शुगर और एचआईवी टेस्ट की सुविधा प्रदान की है। लोगों में इसके लिए विशेष रूप से उत्साह नजर आ रहा है। प्रतिदिन से 100 से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। लोगों का कहना था कि गीता जयंती के साथ इस प्रकार की सुविधा प्रदान करना सराहनीय है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने दी कानूनी जानकारी:-
गीता जयंती महोत्सव के दौरान मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव प्रचेता सिंह के नेतृत्व में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की स्टॉल पर नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों बारे जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को जिला वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्र की सेवाओं के बारे, कानूनी सेवा संस्थानों / डीएलएसए के कार्य, स्थायी लोक अदालत (सार्वजनिक उपयोगिता सेवाएं), मध्यस्थता केंद्र, विधवा सेल, लोक अदालतें, नालसा योजनाएं, एचवीसीएस योजना, राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण की गिरफ्तारी से पहले, गिरफ्तारी और रिमांड चरण में न्याय तक शीघ्र पहुंच योजना तथा नालसा की राष्ट्रीय कानूनी हेल्पलाइन संख्या 15100 के बारे में जागरूक किया गया। ताकि जरूरत पडऩे पर पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ ले सकें।