Wrestling Team : रेसलिंग टीम से साक्षी विनेश और बजरंग बाहर, देखिए जगरेब ओपन के लिए टीम

भारतीय कुश्ती महासंघ की तदर्थ समिति ने क्रोएशिया में होने वाले जगरेब ओपन के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। क्रोएशिया की राजधानी में होने वाला पहला विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट 10 से 14 जनवरी तक चलेगा। इस चयनित टीम में बड़ी बात यह है कि इसमें बृजभूषण के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले 3 प्रमुख पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के नाम शामिल नहीं हैं।
हालांकि, साक्षी मलिक बीती 21 दिसंबर को संन्यास ले चुकी हैं। इसके अलावा विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया अपने मेडल वापस लौटा चुके हैं। लेकिन, इनके नाम टीम में न होने से फिर से अनेकों तरह की चर्चाएं होने लगी हैं।
बता दें कि WFI का संचालन भारतीय ओलिंपिक संघ की तीन सदस्यीय समिति कर रही है। तदर्थ समिति के प्रमुख भूपिंदर सिंह बाजवा हैं। खेल मंत्रालय ने संजय सिंह की अगुवाई में चुने गए महासंघ को अपने संविधान के उल्लंघन के मामले को लेकर निलंबित कर दिया।
विदेश मंत्रालय के दखल से मिला वीजा : बाजवा
भूपिंदर बाजवा ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने समय पर दखल दिया, जिससे 25 भारतीयों को वीजा औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अब जगरेब जाने का मौका मिल गया है। टीम को वीजा की अपॉइंटमेंट हासिल करने में परेशानी हो रही थी, लेकिन विदेश मंत्रालय ने मदद की। बाजवा ने कहा कि क्रोएशियाई कुश्ती महासंघ के महासचिव टिन ब्रेगोविच ने 13 पहलवानों, 9 कोचिंग और सहयोगी स्टाफ और 3 रेफरियों को न्योता दिया है।
आंदोलनरत पहलवानों का क्या हुआ, सवाल का जवाब बाकी...
बाजवा ने कहा कि हमने सुनिश्चित किया है कि ओलिंपिक खेलने के दावेदार पहलवानों को मौका मिले। हमें यकीन है कि जगरेब में खेलने वाले पहलवान अप्रैल में होने वाले एशियाई क्वॉलिफिकेशन और मई में विश्व क्वॉलिफिकेशन के लिए पुख्ता तैयारी करेंगे।
हालांकि, इस बीच यह पता नहीं चल सका कि WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट का क्या हुआ। उन्होंने खुद टीम से बाहर रखा है या फिर उनका सिलेक्शन नहीं हुआ।
इन खिलाड़ियों का हुआ टीम में चयन
पुरुष टीम: फ्री स्टाइल
- अमन (57 किलो)
- यश (74 किलो)
- दीपक पूनिया (86 किलो)
- विकी (97 किलो)
- सुमित (125 किलो)
- ज्ञानेंदर (60 किलो)
- नीरज (67 किलो)
- विकास (77 किलो)
- सुनील कुमार (87 किलो)
- नरिंदर चीमा (97 किलो)
- नवीन (130 किलो)।
महिला टीम : फ्री स्टाइल
- सोनम (62 किलो)
- राधिका (68 किलो)
- कुलदीप सिंह (टीम प्रमुख और कोच)
- विनोद कुमार
- सुजीत
- शशि भूषण प्रसाद
- मनोज कुमार
- वीरेंदर सिंह
- अलका तोमर (कोच)
- विशाल कुमार राय (फिजियो)
- नीरज (मालिशिया)
दोनों टीमों के रेफरी
- सत्य देव मलिक
- दिनेश धोंडिबा
- संजय कुमार