अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान आज हिसार में, मेक इंडिया नंबर वन अभियान करेंगे शुरू

(k9 media)आम आदमी पार्टी की आदमपुर उपचुनाव पर निगाहें हैं। इस चुनाव में केजरीवाल यहां से किसी मजबूत प्रत्याशी को उतारने की चर्चा भी कर सकते हैं। भाजपा नेता सोनाली फोगाट के निधन पर उनके घर जा कर दोनों नेता शोक जताएंगे। केजरीवाल के जारी कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर एक बजे वे हिसार स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे।
हरियाणा की धरती पर दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री आज अपना सियासी कद दिखाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान हिसार में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और नए कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग करवाएंगे। इस दौरान केजरीवाल दिल्ली सरकार और भगवंत मान पंजाब सरकार के कार्यों का बखान करेंगे।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा मिशन 2024 की तैयारी कर ली है। हरियाणा की राजनीति में बड़ा संदेश देने के लिए उन्होंने आदमपुर के गढ़ में जाकर चुनौती देने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी ने भी अब भाजपा की तरह चुनाव से दो-ढाई साल पहले ही चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
युवाओं को साधेंगे दोनों सीएम
यूथ बिग्रेड के माध्यम से दोनों सीएम यह संदेश देंगे कि आम आदमी पार्टी दोनों राज्यों में बेहतर काम कर रही है। मुफ्त बिजली के अलावा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का काम पड़ोसी राज्य ने कर दिया है। इसके अलावा मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली और पंजाब दोनों ही जगह स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में प्रभावी साबित हो रहे हैं। दिल्ली के स्कूलों को लेकर भी केजरीवाल युवाओं को संदेश देंगे। इसी तर्ज पर हरियाणा में काम करने की नींव रखी जाएगी।