पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है : डॉ. सुशील गुप्ता

  1. Home
  2. Politics

पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है : डॉ. सुशील गुप्ता

sushil gupta

k9media.live


आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से "इंडिया" गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ . सुशील गुप्ता आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश (जेपी) और सुखबीर चहल  मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व सरपंच पवन कुमार, राजेश सरपंच, रणधीर प्योदा, सतीश जांगड़ा, एसडीओ बलबीर सजुमा, गज्जन सिंह, रामकुमार,  सुनील सहारण, प्रदीप कुराड़, सतपाल बेदी और सत्यवान मौजूद रहे।

मौके पर डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है। ईडी, सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को मजबूर कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा, यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का वहीं एक तिहाई विपक्ष का होगा।

उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। जो भाजपा खेलो इंडिया, स्टार्टप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे नारे देती थी, लेकिन जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से हर जगह से भाजपा इंडिया शब्द को हटाने पर लग गई। लेकिन इंडिया नाम कहां-कहां से हटाएंगे क्योंकि अंत में इंडिया ही जीतेगा। जब खबरें आती थी कि इंडिया गठबंधन नहीं बनेगा तो भाजपा वालों के चेहरे खिलते थे लेकिन जब इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा घबराई हुई है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे। 

उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और सीएम खट्टर को बताना चाहता हूं कि हरियाणा में इंडिया गठबंधन  सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगा और धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से इसकी शुरूआत होगी और इस जीत का आगाज पूरे भारत में जाएगा। हरियाणा का हर व्यक्ति इंडिया गठबंधन को सभी 10 लोकसभा सीटें जीताने की गारंटी दे रहा है। अबकी बार हरियाणा की जनता इनकी ईवीएम की सेटिंग भी फेल करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर दिन गोलियां चलाई जा रही हैं। भाजपा सरकार ने कानून का राज खत्म कर गोली का राज ला दिया। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे थे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी थी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर उन कृषि कानूनों को वापस ले लिया। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो खट्टर सरकार किसानों को रोक रही है जबकि किसानों को रोकने का हरियाणा सरकार का कोई हक नहीं है। सीएम खट्टर ने हरियाणा के लोगों को पंजाब और दिल्ली दोनों तरफ से बंधक बना लिया है। उन्होंने कहा कि आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की शहादत पर एक शोक प्रस्ताव भी पास नहीं किया। भाजपा सरकार ने किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले वाले को टिकट दे दी। इससे पता लगता है कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है।

उन्होंने कहा कि लोग नायब सैनी को गायब सैनी कह रहे हैं। क्योंकि हर गांव के लोग कह रहे हैं कि वो कभी गांव में नहीं आए। उन्होंने कभी कुरुक्षेत्र लोकसभा के 9 हलकों की आवाज संसद में नहीं उठाई, न वे कभी गांव में जाते और न ही यहां की जनता की आवाज उठाते। उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि हमें कलायत और कुरुक्षेत्र लोकसभा का विकास करना है। यहां की जनता की आवाज लोकसभा तक उठाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। मैं कुरुक्षेत्र में बन रहे ज्ञान मंदिर, अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बनाई का रही धर्मशाला का चेयरमैन भी हूं। वहीं कुरुक्षेत्र में 2 एकड़ जमीन लेकर अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा गरीबों की सेवा के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल का भी मैं चेयरमैन हूं।

उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों ने जुड़ा रहा हूं। मेरा गांव कुरुक्षेत्र से आधे घंटे की दूरी पर जींद जिले में शामलो कलां है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नायब सैनी की तरह गायब नहीं रहूंगा, हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। देश को बचाने की लड़ाई है। इंडिया गठबंधन जनता के साथ मिलकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ेगा। आप और हम मिलकर जीतोड़ मेहनत करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे। जनता भी बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा की मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी।

पूर्व विधायक जेपी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलायत मेरी जन्म भूमि है, आज मैं जो कुछ भी हूं कलायत की वजह से हूं। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता सुशील गुप्ता हमारे और अपने हैं। इन पर चौधरी भूपेंद्र हुड्डा भी विश्वास करते हैं। इसलिए इनको कुरुक्षेत्र सीट इनको दी गई है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को हमारे इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र लोकसभा से भारी बहुमत से जीताना है और इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान करने वाली और इस तानाशाह सरकार को खत्म करने के लिए सभी को आम आदमी पार्टी के चुनाव निशान झाड़ू का बटन दबाना है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर हरियाणा का विकास करेंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Around The Web

Uttar Pradesh

National