हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर : एक ही दिन में आए 428 केस, इनमें ओमिक्रॉन के 26 मरीज, 16 अकेले गुरुग्राम में

  1. Home
  2. HARYANA
  3. GURUGRAM

हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर : एक ही दिन में आए 428 केस, इनमें ओमिक्रॉन के 26 मरीज, 16 अकेले गुरुग्राम में

हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर : एक ही दिन में आए 428 केस, इनमें ओमिक्रॉन के 26 मरीज, 16 अकेले गुरुग्राम में


हरियाणा  | हरियाणा में कोरोना केसों और इसके ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीजों की संख्या खतरनाक ढंग से बढ़ रही है। पिछले 4 दिनों के अंदर रोजाना आने वाले कोरोना केसों की संख्या 126 से बढ़कर 428 पर पहुंच गई है। सामान्य कोरोना केसों के अलावा यहां ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीज भी चिंताजनक तरीके से बढ़ रहे हैं। मौजूदा हालात में तमाम सरकारी पाबंदियों के बावजूद हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बढ़ती जा रही है।

शुक्रवार को हरियाणा में कोरोना के 428 नए केस आए। प्रदेश में बीते 6 महीनों में एक दिन के अंदर इतने केस पहली बार सामने आए हैं। शुक्रवार को हरियाणा में जो 428 कोरोना केस मिले, उनमें से 280 केस तो अकेले गुरुग्राम में मिले। शुक्रवार को हरियाणा में मिले 428 मरीजों में से 26 केस ओमिक्रॉन वैरिएंट के हैं। यहां भी गुरुग्राम पहले नंबर पर है और ओमिक्रॉन वैरिएंट के 26 में से 16 मरीज वहीं मिले हैं। करनाल में 5, कुरुक्षेत्र में 4 और पानीपत में ओमिक्रॉन वैरिएंट का एक केस मिला।

हरियाणा में कोरोना के कुल एक्टिव केसों का आंकड़ा 1417 पर पहुंच गया है। इनमें से 901 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। प्रदेश में कोरोना केसों का पॉजिटिविटी रेट 1.17% पर पहुंच चुका है वहीं रिकवरी रेट 98.51% है। फैटेलिटी रेट 1.30% है।

 गुरुग्राम में मिले 280 केस

हरियाणा में शुक्रवार को भी कोरोना के सबसे अधिक 280 केस अकेले गुरुग्राम में सामने आए। दूसरे नंबर पर अंबाला रहा जहां 30 मरीज मिले। फरीदाबाद में 26, पंचकूला में 23, करनाल में 12, सोनीपत में 11, पानीपत में 8, रोहतक में 8, कुरुक्षेत्र में 6, यमुनानगर व झज्जर में 5-5, महेंद्रगढ़ में 4, हिसार व रेवाड़ी में 2-2 और फतेहाबाद, सिरसा, नूंह, भिवानी और जींद में एक-एक मरीज मिला।

30 दिसंबर को आए 300 केस

कोरोना के 30 दिसंबर को 300 नए केस मिले थे। सबसे ज्यादा केस गुरुग्राम में 180 आए थे। जबकि फरीदाबाद में 44, पंचकूला में भी 20 नए केस मिले थे। ओमिक्रान के कुल 23 नए केस थे।

रात 12 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू

तीन जनवरी 2022 से देशभर में 15 से 18 साल के युवाओं को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाने का अभियान शुरू हो रहा है। इसके लिए कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन रात 12 बजे से शुरू हो जाएगा। युवा रात में ही अपना रजिस्ट्रेशन कोविन पोर्टल पर कर सकते हैं। उन्हें अपना आईडी प्रूफ और ऐज प्रूफ अपलोड करना होगा। प्रदेश में तीन जनवरी से शुरू होने वाले अभियान में 15 से 18 साल के कुल 15 लाख 40 हजार युवाओं को वैक्सीन लगाई जानी है।

Around The Web

Uttar Pradesh

National