हरियाणा में कोहरे का कहर : 10 मीटर तक की दृश्यता, शीतलहर का अलर्ट जारी
हरियाणा कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता 10 मीटर तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ठंड से राहत भी नहीं है।
शुक्रवार को हिसार, झज्जर, रेवाड़ी, पंचकूला, महेंद्रगढ़ और भिवानी समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। जिसकी वजह से विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक दर्ज की गई है। लोग ठंड से बचने के लिए आग जलाकर बैठे हुए हैं।
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक हरियाणा में आगामी तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 03 से 05 सेल्सियस तक की वृद्धि देखने को मिल सकती है। उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से प्रदेश में चार से पांच जनवरी को बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग के अनुसार पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाली हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बारिश होगी।
हवा का प्रवाह थमा तो वातावरण में बढ़ी नमी के चलते शुक्रवार सुबह कोहरा छा गया। कोहरा छाने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। ग्रामीण क्षेत्र में काफी देर तक कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर लगाम लग गई थी। कोहरे के कारण ग्रामीण क्षेत्र में दृश्यता 20 मीटर तक सिमट गई। शहरी क्षेत्र में भी 50 मीटर दूर दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे से नेशनल हाईवे समेत केजीपी-केएमपी पर भी वाहन रेंगते नजर आए।