कैथल : सड़क के बीचो-बीच बीजेपी और कांग्रेस विधायक में हुई तीखी बहस
हरियाणा में कैथल की नई बनी नगरपालिका सीवन में कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग से सोसायटी बैंक रोड सौथा रोड तक बनने वाली सड़क के उद्घाटन के बाद विवाद शुरू हो गया है। इसी बीच गुहला से भाजपा के पूर्व विधायक व कांग्रेस विधायक के बीच जुबानी जंग शुरू हुई है। इस मामले में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र हंस ने भाजपा के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर पर झूठी वाहवाही लूटने का आरोप लगाया है।
गत बुधवार को ही भाजपा के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने सड़क निर्माण का उद्घाटन किया था। इस पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे प्रोटोकॉल के खिलाफ बताया है। कहा कि पूर्व विधायक 10 रुपये का रिबन कटकर झूठी वाहवाही लूट रहे हैं। जबकि उन्होंने नगरपालिका के सचिव को गत नौ दिसंबर को पत्र लिखकर इसे बनाने की मांग की थी। इसके बाद इसका निर्माण शुरू हुआ है।
कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस सीवन गांव के निवासी है। कांग्रेस विधायक ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने इस मांग पर इस सड़क के मुद्दे को उन्होंने विधानसभा सत्र में बड़े जोर शोर से उठाया था। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा था। जिसके फल स्वरुप आज इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसमें स्थानीय भाजपा नेताओं का कोई योगदान नहीं है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि यह आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था। भाजपा के कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर ये उद्घाटन किया है।
ठेकेदार ने सीवन के चीका पटियाला मेन रोड से सोसाइटी बैंक के आगे से सौथा रोड तक जाने वाली सड़क का बुधवार को निर्माण कार्य शुरू किया था। जिसका निर्माण कार्य गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने नारियल फोड़ कर किया था। उन्होंने इस सड़क निर्माण को अपनी उपलब्धि बताया। जबकि कांग्रेस विधायक इसे उनके प्रयासों से बनी सड़क बता रहे हैं। वे इसे खुद की उपलब्धि मानते हुए उद्घाटन की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले भाजपा के पूर्व विधायक ने मौके पर पहुंचकर रिबन काटकर उद्घाटन कर दिया।
घटना के बाद गांव में दोनों दलों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक की ओर से सड़क निर्माण को लेकर नपा सचिव लिखे गए पत्र सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुप में शेयर कर भाजपा के पूर्व विधायक की ओर से किए गए उद्घाटन पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता इसे अपनी सरकार की उपलब्धि बता गांव में विकास होने की बात कह रहे हैं।