आगरा : पढ़ाई न करने पर बड़ी बहन के डांटने पर 12 साल के बच्चे ने किया सुसाइड

आगरा में शनिवार को दो बहनों के इकलौते भाई ने सुसाइड कर लिया। बड़ी बहन ने भाई को पढ़ाई न करने पर डांट दिया था। इस पर भाई ने कमरा बंद कर फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। मां ने जब दरवाजा न खुलने पर खिड़की से देखा, तो बेटे का शव फंदे से लटका था। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
थाना ताजगंज के आनंदी विहार में रहने वाली सीता देवी की दो बेटी व एक बेटा था। वो परिवार के साथ किराए के मकान में रहती हैं। दोपहर को सीता देवी घर पर नहीं थीं। 3 साल पहले संजय की पत्नी सीता देवी विवाद के बाद बच्चों को लेकर ससुराल से आ गई थी। तब से आनंदी विहार में बच्चों साथ किराये के मकान में रह रही थी।
घर पर बेटी पायल और मन्नत व बेटा विष्णु थे। बताया गया है कि विष्णु खेल रहा था। इस पर बड़ी बहन पायल ने पढ़ाई न करने पर उसे डांट दिया। इसको लेकर भाई बहन में झगड़ा भी हुआ। गुस्से में विष्णु कमरे में चला गया। अंदर से कुंडी लगा ली।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बेटे की मौत की जानकारी के बाद विष्णु के पिता भी मौके पर पहुंच गए। इकलौते बेटे का शव देख राेने लगे। परिवार के लोगों ने उन्हें समझाया। उन्होंने पत्नी को बेटे की मौत का जिम्मेदर ठहराया। उनका कहना था कि अगर बेटा उनके पास होता तो आज वह जिंदा होता। इसके बाद देर शाम पोस्टमार्टम होने के बाद बेटे के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव चले गए। ताजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।