फिर डिपोर्ट हुए भारतीय, अमृतसर पहुंचा US का जहाज, पंजाब के सीएम ने दिया बड़ा बयान

अमेरिका से 116 अवैध प्रवासियों को लेकर एक विमान शनिवार देर रात अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। यह अवैध अप्रवासियों पर कार्रवाई के वादे के तहत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा निर्वासित किया जाने वाला भारतीयों का दूसरा जत्था है।
खबरों के मुताबिक, पहले कहा जा रहा था कि 119 प्रवासी वापस भेजे जा रहे हैं, लेकिन अब यात्रियों की सूची के अनुसार दूसरे जत्थे में निर्वासित लोगों की संख्या 116 है। सूत्रों के मुताबिक निर्वासित लोगों में पंजाब से 65, हरियाणा से 33, गुजरात से आठ, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
गौरतलब है कि पांच फरवरी को 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था। इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे।
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीयों को रिसीव करने के लिए अमृतसर के गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे हुए थे तथा पंजाब सहित अन्य राज्यों के डिपोर्ट किए लोगों के लिए रिहायश और खाने का विशेष प्रबंध किया गया था। सी.एम. ने कहा कि अमृतसर गुरु रामदास जी की भूमि है जहां हर रोज 1 लाख लोग लंगर छकते हैं। यहां से कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं जाना चाहिए। वहीं एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी पवित्र शहर अमृतसर को ‘बदनाम’ करने के बाद 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोगों का सामना कैसे करेगी।