शादी के नाम पर धोखा; पैसे और गहने लेकर फरार हुई दुल्हन

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के नाम पर एक युवक के साथ धोखा हो गया । हमीरपुर के भोरंज के तहत साही गांव के निवासी जितेश शर्मा की पत्नी उसे छोड़कर और कुछ गहने लेकर चली गई है। जितेश शर्मा की शादी 13 दिसंबर 2024 को एक बिचौलिए ने हरियाणा की बबीता पुत्री तेग बहादुर से करवाई थी। अब दुल्हन उसे छोड़कर और कुछ गहने लेकर चली गई है।
शिकायतकर्ता जितेश शर्मा ने बिचौलिया बलदेव शर्मा पुत्र नानक नंद खरसल गांव तहसील सरकाघाट, जिला मंडी को शादी करवाने के एक लाख 50 हजार रुपये दिए थे। अब दुल्हन गायब है और बिचौलिया ने भी 1.50 लाख रुपए की जितेश को लौटाने से इनकार दिया है। इसके बाद पीड़ित युवक जितेश ने भोरंज थाना में एफआईआर (FIR) करवाई है जिसके बाद पुलिस ने भी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बलदेव काफी साल से हरियाणा के यमुनानगर में रहता है। बलदेव शर्मा ने शादी कराने के एवज में जितेश से 1.50 लाख रुपए की डिमांड रखी थी। जितेश ने यह पैसा बिचौलिए बलदेव को दे दिया। बिचौलिए ने जितेश की शादी 13 दिसंबर 2024 को भोरंज कोर्ट में बबीता के साथ करवाई। लेकिन शादी के दौरान बबीता का जन्म प्रमाण पत्र नहीं था। इसके बाद एडवोकेट ने शपथ पत्र के माध्यम से शादी करवाई।
शादी के बाद युवती लड़के के घर पर 4 दिन ही रुकी। उसके बाद युवती ने अपनी मां के बीमार होने का बहाना बनाया और यमुनानगर जिले के जगाधरी चली गई। जितेश भी बबीता को लेकर यमुनानगर आ गया। वहां अस्पताल में पहले से मौजूद बलदेव और एक अन्य ने कहा कि मां काफी बीमार है। वह आईसीयू में भर्ती है। इसलिए मिलने नहीं दिया जा रहा। फिर लड़की ने जितेश शर्मा को वापस भेज दिया और कहा कि वह मां के ठीक होते ही घर आ जाएगी।
इसके बाद जितेश तो वापस घर आया। मगर उसकी पत्नी नहीं आईं। जितेश ने युवती को जब फोन किया तो वह फोन नहीं उठा रही। उधर शादी कराने वाला बिचौलिया भी उससे लिया पैसा लौटाने से इनकार कर रहा है। जितेश के जीजा सुनील ने बताया कि बबीता मंगलसूत्र, चांदी की अंगूठी और पाजेब लेकर गई है। हमीरपुर एसपी भगत सिंह ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ केस दर्ज होने की पुष्टि की है।