पानीपत : भाई बनकर दो बहनों के साथ किया ऐसा काम

हरियाणा के पानीपत जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां मुंहबोला भाई बनकर दो सगी बहनों को भगाकर ले गया। लड़कियों के पिता ने बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त है और उसी से मिलने के बहाने वो अक्सर घर पर आया करता था। रक्षाबंधन पर कई बार वो लड़कियों से राखी भी बंधवाता था। हैरान करने की बात ये है कि ये पहली बार नहीं है जब युवक दोनों लड़कियों को भगाकर ले गया हो। लड़कियों के पिता ने बताया कि 3 महीने पहले भी युवक दोनों लड़कियों को अपने साथ ले गया था। पिता ने आरोप लगाया है कि बड़ी बेटी को वो अपने लिए और छोटी बेटी को अपने दोस्त के लिए लेकर गया है। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने अब पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।
लड़कियों के पिता ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है। उसकी दो बेटियां हैं जिनमें बड़ी बेटी 18 और छोटी बेटी 16 साल की है। दोनों ही 31 जनवरी की शाम करीब 5 बजे से घर से लापता हैं। परिवार ने लड़कियों को ढूंढने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो नहीं मिलीं। पिता ने लड़कियों को भगाने का आरोप गोंडा जिले के रहने वाला 35 वर्षीय बृजेश पर लगाया है जो कि शादीशुदा है और 2 बच्चों का पिता है। लड़कियों के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक बड़ी बेटी को अपने साथ रखता है और छोटी बेटी को अपने दोस्त सोनू निवासी गांव बिंझौल के हवाले कर देता है। पिछले साल 22 नवंबर को भी आरोपी दोनों लड़कियों को लेकर फरार हो गया था। 3 महीने पहले जब आरोपी लड़कियों को लेकर गया था तो कुछ ही दिन बाद वो उन्हें थाने में ही छोड़ गया था। जिसके बाद परिवार लड़कियों को घर ले गया और उन्होंने काफी समझाया। परिवार को भरोसा था कि लड़कियां अब दोबारा ऐसा नहीं करेंगी।
पिता ने कहा कि पिछली बार जब आरोपी लड़कियों को अपने साथ ले गया था तो वापस आने पर दोनों लड़कियों ने मांग में सिंदूर भरा हुआ था। वह बड़ी बेटी को अपनी पत्नी बनाकर रख रहा था जबकि उसने छोटी बेटी को अपने दोस्त के पास भेज दिया था उसकी मांग में भी सिंदूर था। उन्होंने बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त था और उसी से मिलने के बहाने घर पर आया करता था। जब पहली बार वह लड़कियों को ले गया, तब परिवार में किसी को यकीन नहीं हुआ था कि बृजेश ऐसा काम कर सकता है। इस बारे में पुराना औद्योगिक थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र का कहना है कि शिकायत के आधार पर BNS की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। विभिन्न पहलुओं के आधार पर दोनों लड़कियों की तलाश जारी है।