पलवल : पराली जलाने पर 9 किसानों पर साढ़े 22 हजार का जुर्माना

डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि पराली जलाने की हरसेक की तरफ से जिला कृषि विभाग को 12 लोकेशन भेजी गई थी। इनमें से 4 लोकेशन गलत पाई गई और बाकी लोकेशन सही पाई जाने पर विभाग द्वारा भी एक किसान को अपने खेत में फसल अवशेष जलाने के मामले में की गई करवाई सहित 9 किसानों पर पराली जलाने को लेकर 22 हजार 500 रुपए जुर्माना लगाया गया है।
डीसी ने बताया कि फसल अवशेष नहीं जलाने को लेकर लगातार किसानों को गांव-गांव जाकर जागरूक किया जा रहा है और फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। वहीं फसल अवशेष जलाने के मामले मिलने पर लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने किसानों को बताया कि आधुनिक कृषि के तकनीकी युग में अब फसल अवशेष कमाई का साधन है और बहुत से किसान फसलों के अवशेष से अच्छी कमाई कर रहे हैं।