भिवानी : डीजे पर डांस करते हुए साइलेंट हार्ट अटैक आने से एक व्यक्ति की मौत

भिवानी में बेटा होने पर छठी की पार्टी में डीजे पर डांस करते हुए साइलेंट हार्ट अटैक आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिस कारण बेटा होने की खुशी में आयोजित किए गए कार्यक्रम में खलल पड़ गई। उसे भिवानी के सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तोशाम थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया।
भिवानी जिला के गांव किरावड़ निवासी 35 वर्षीय किशोरी के रिश्तेदार गांव खानक निवासी रामबीर को लड़का हुआ था। लड़का होने की खुशी में छठी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। किरावड़ निवासी किशोरी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव खानक गया हुआ था। मंगलवार शाम को किशोरी वहां डीजे पर डांस कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक डांस करते हुए जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। जिससे कार्यक्रम में खलबली मच गई। उसे तोशाम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर तोशाम थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर उमेद सिंह ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच अधिकारी एसआई उमेद सिंह ने बताया कि मृतक के दो लड़की व एक लड़का था। वह राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस द्वारा आज उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।