पंचकूला : स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही; स्वस्थ महिला को 3 साल से दिया जा रहा HIV पॉजिटिव का ईलाज

स्वास्थ्य विभाग की एक गलती के कारण इस महिला ने 3 सालों तक मानसिक परेशानी झेली है। अपने ही परिवार के सामने संदेह के घेरे में आ गई जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जाने वाली एच आई वी की मैडीसन के कारण भी उनकी बॉडी में दिक्कत हुई है। इस मामले में महिला के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद पी जी आई ने भी टैस्ट किया। वहां भी महिला की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। असल में 3 साल पहले महिला के पति एचआईवी पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद महिला के सैंपल लिए गए और महिला को भी एच आई वी पॉजिटिव बताया गया। दम्पति के परिवार, जानकारों कोइस बात का पता चल गया था। ऐसे में उनका सामाजिक तौर पर आना-जाना प्रभावित हुआ।
अब इस मामले में सैक्टर-6 जनरल अस्पताल प्रबंधन पल्ला झाड़ रहा है। जनरल अस्पताल के डॉक्टर्स की ओर से चंडीगढ़ पीजी आई रिपोर्ट को भी सवालों के घेरे में खड़ा किया जा रहा है। ऐसे में महिला के सैंपलों को रोहतक पीजीआई भेजा गया है। वहां से अब रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।