जींद : स्कूल के प्रार्थना सभा में छात्रा की हुई मौत ; चक्कर आने से गिरी थी छात्रा

  1. Home
  2. HARYANA

जींद : स्कूल के प्रार्थना सभा में छात्रा की हुई मौत ; चक्कर आने से गिरी थी छात्रा

jind


हरियाणा के जींद जिले के सफीदों के राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका (17) की प्रार्थना सभा में  अचानक चक्कर आने से मौत हो गई। प्रियंका की तबीयत बिगड़ते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत उसे सफीदों के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में छात्रा की मौत का कारण बीपी (ब्लड प्रेशर) कम होना बताया जा रहा है।
प्रियंका, जो कि गांव बहादुरपुर की रहने वाली थी, हर रोज की तरह शनिवार को भी अपनी सहेलियों के साथ पैदल स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना सभा के दौरान अचानक उसे चक्कर आए और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। स्कूल प्रशासन ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसका बीपी लगातार गिरता गया और उसकी मौत हो गई।
स्कूल के प्राचार्य बलजीत सिंह लांबा ने बताया कि प्रार्थना सभा के दौरान प्रियंका का बीपी अचानक लो हो गया। स्कूल स्टाफ ने उसकी मदद करने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने यह भी बताया कि प्रियंका को पहले भी कुछ बार चक्कर आ चुके थे, लेकिन उसने कभी स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं दी।
प्रियंका के पिता विजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में बहुत होशियार थी और परिवार में सबकी चहेती थी। उन्होंने कहा कि प्रियंका पूरी तरह स्वस्थ दिख रही थी और घर से हंसते-बोलते स्कूल के लिए निकली थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में गहरा शोक है।
प्रियंका के परिवार में 5 बहनें और एक भाई हैं, जिसमें प्रियंका तीसरे नंबर पर थी। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रियंका के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Around The Web

Uttar Pradesh

National