हरियाणा में आज बारिश का अलर्ट, इन जिलों में होगी भारी बारिश
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज उत्तरी इलाके के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, जींद, अंबाला और पंचकूला शामिल है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से हरियाणा में कोहरे और कोल्डवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। कुछ स्थानों पर धुंध पड़ सकती है। कल 13 जनवरी से मौसम में बदलाव होगा। तापमान गिरेगा और शीतलहर भी चलेगी।
हिसार में रात का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं दिन का तापमान 12.0 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.8 डिग्री कम है। वहीं रोहतक में दिन का तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.4 डिग्री कम रहा। रोहतक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 13 जनवरी से तेज सर्दी का दौर फिर से शुरु हो जाएगा। इस महीने 20 दिन शीतहलर चलेगी। 13 जनवरी से तापमान में गिरावट आएगी।