यमुनानगर : लेंटर डाल रहे मजदूरों पर अचानक गिरा मलबा; दो की मौके पर ही मौत

हादसे होते ही पुरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगो ने पुलिस को सुचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्यवाही शुरू की। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुलाब नगर निवासी प्रवीण कुमार के मकान का काम चल रहा है। सोमवार को मकान का लेंटर डाला जा रहा था। दोपहर को करीब तीन बजे अचानक लेंटर की शटरिंग हिल गई, जिससे लेंटर नीचे झुक गया। कुछ मजदूर शटरिंग को ठीक करने लगे। उसी समय अचानक लेंटर का पूरा मलबा मजदूरों के ऊपर गिर गया। मजदूरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोग भी दौड़े पड़े और लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बड़ी मुश्किल तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने दो मजदूरों गुलाब नगर निवासी महेश पांडे, जोड़ियो निवासी चितकारी लाल को मृत घोषित कर दिया। अरविंद मिश्रा गंभीर रूप से घायल है।
घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना के बाद फर्कपुर एसएचओ जनकराज भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनो को भी दे दी गई है। एसएचओ ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, एक मजदूर घायल हो गया। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। परिजनों को सूचना दी गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।