सरबजोत बोले: खेल उपनिदेशक की नौकरी का करता हूँ सम्मान, मगर अभी ध्यान सिर्फ खेल पर देना चाहता हूँ

ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले शूटर सरबजोत सिंह के उपनिदेशक पद छोड़ने की चर्चा ने काफी सुर्खियाँ बटोर ली हैं| इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए सरबजोत सिंह ने कहा कि सरकार ने उन्हें उपनिदेशक का पद ऑफर किया है, वह हमेशा इस नौकरी का सम्मान करेंगे।ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह ने कहा कि वह नौकरी का सम्मान करते हैं, लेकिन अभी नौकरी की बजाय खेल पर ध्यान देना चाहेंगे। इसी कारण से उन्होंने सकारात्मक रूप से अभी नौकरी नहीं करने की बात कही थी, मगर उनके बयान को तोड़मरोड़ कर सबके सामने पेश किया जा रहा है।
सरबजोत सिंह ने कहा कि अभी उनके दादा अमेरिका से आए हैं, तो वह कुछ समय अपने परिवार को देना चाहते हैं।उनके घर में पाठ का आयोजन भी किया गया है, इसलिए वह अपने दादा दादी के साथ ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत कर रहे हैं।सरबजोत सिंह ने कहा कि वह अखंड पाठ में उनके परिवार के साथ शामिल होंगे। इसके बाद खेल के क्षेत्र में अपने-आप को कैसे निखार सकते हैं,कैसे खुद को और काबिल बना सकते हैं इस चीज़ पर वो पूरी लगन से काम करेंगे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सरबजोत सिंह व मनुभाकर चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर सीएम नायब सिंह सैनी और खेल राज्य मंत्री संजय सिंह से मिले थे। वहीं पर खेल राज्य मंत्री संजय सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को खेल विभाग में उपनिदेशक की नौकरी की पेशकश की थी।